दिल्ली में भवन निर्माण के क्रम में बांस की सीढ़ी से गिरकर बेगूसराय के कामगार की गई जान

छौड़ाही (बेगूसराय) : छौड़ाही ओपी क्षेत्र के एकंबा पंचायत के शेखाटोला निवासी एक कामगार की मौत दिल्ली में गृह निर्माण के दौरान बांस की सीढ़ी ध्वस्त होने से गिरकर हो गई। घटना शुक्रवार की संध्या बताई गई है। मृतक कामगार के शव का पोस्टमार्टम करा दिल्ली प्रशासन ने शव एकंबा शेखाटोला भेजा है। मृतक की पहचान छौड़ाही ओपी क्षेत्र के एकंबा शेखाटोला निवासी 35 वर्षीय बिनो सदा के रूप में हुई है।

घटना के संबंध में मृतक कामगार बीनो सदा की पत्नी ललिता देवी ने बताया कि उनके पति दिल्ली के नजफगढ़ में एक कंस्ट्रक्शन कंपनी के मार्फत बहुमंजिला गृह निर्माण में काम कर रहे थे। शुक्रवार की संध्या तीन मंजिला छत की ढलाई हो रही थी। जिसके लिए बांस की सीढ़ी बनाई गई थी। सीढ़ी से होकर ढलाई का सामान ले जाने के दौरान एकाएक बांस की सीढी ध्वस्त हो गई। बिनो सदा एवं उनके साथ एक अन्य कामगार जो बखरी थाना क्षेत्र के बताए जा रहे हैं तीसरी मंजिल से ध्वस्त सीधी के साथ नीचे जमीन पर गिर गए।

दो कामगार के तीसरी मंजिल की उचाई से जमीन पर गिरते ही कामगारों और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। कामगार एवं कंस्ट्रक्शन कंपनी के कर्मियों ने आनन-फानन में दोनों घायल को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डाक्टरों ने दोनों घायलों को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा मृतक बिनो सदा के घर फोन कर घटना की सूचना दी। दिल्ली के स्थानीय प्रशासन ने मृतक कामगार के पत्नी को विधि सम्मत मुआवजा देने का आश्वासन दिया।

दूसरी तरफ घर के एकमात्र कमाऊ सदस्य के मौत होने के बाद उनकी गर्भवती पत्नी ललिता देवी तीन छोटे-छोटे बच्चे दहाड़ मार कर रो रहे थे। अन्य स्वजन भी करुण क्रंदन कर रहे थे। ललिता देवी बार-बार अत्यंत निर्धन परिवार के हवाला दे भूखे प्यासे रहने की बात कह रही थी। गांव के युवा निर्धन कामगार के मौत की सूचना मिलते ही एकंबा पैक्स अध्यक्ष दिलीप पासवान, वार्ड पंच संघ के प्रखंड अध्यक्ष अशोक पंडित लैला बिहारी उनके घर पहुंच शोकाकुल परिवार को सांत्वना दें उनको हर संभव मदद करने का आश्वासन दिया।