बड़ौदा के तर्ज पर होगा बेगूसराय का विकास, उद्योग मंत्री से मिलकर सदर विधायक की गुफ्तगू

न्यूज डेस्क : बेगूसराय फिर से औद्योगिक हब बनेगा। जिससे जिला अपने दशकों पहले के अतीत में लौटेगा। हाल ही में बेगूसराय में एक साथ कई उधोग धंधे बैठाने की कवायद की जा रही है। इसके लिए बिहार सरकार के उद्योग मंत्री सैयद शहनवाज हुसैन बेगूसराय के प्रति संवेदनशील दिख रहे हैं। बुधवार को बेगूसराय के सदर विधायक कुंदन कुमार ने पटना में उद्योग मंत्री से मिलकर धन्यवाद ज्ञापित किया व बेगूसराय के विकास के लिए प्रस्ताव भी रखे।

उन्होंने बेगूसराय जिला में पेट्रो केमिकल हब बनाने के उपरांत पेट्रो केमिकल पार्क बनाने के लिए जमीन अधिग्रहण की मांग की है। इस पर उद्योग मंत्री ने संतोषजनक आश्वाशन भी दिया। सदर विधायक ने बेगूसराय में पांच सौ करोड़ का पेप्सी बॉटलिंग प्लांट खोले जाने के निर्णय के लिए उद्योग मंत्री की सराहना भी की। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार में उद्योग मंत्री बनने के बाद इथेनॉल प्लांटों के लिए बिहार विधानसभा में नए बदलावों के साथ उद्योग खोलने का प्रस्ताव प्रशंसनीय है। इनमें बेगूसराय को उद्योग मंत्री ने प्रथम वरीयता दी है। इस मौके पर विधायक कुंदन कुमार ने हर्ष जताते हुए कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अगुवाई में बेगूसराय अपनी औद्योगिक राजधानी के अस्तित्व को और अधिक प्रगाढ़ता से राष्ट्रीय पटल पर उजागर कर रहा है। जिससे बेगूसराय के युवाओं को अधिक संख्या में रोजगार उपलब्ध होगा।

बड़ौदा के तर्ज पर होगा बेगूसराय का विकास उद्योग मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन ने कहा कि बड़ौदा के ही तर्ज पर बेगूसराय के विकास के लिए कटिबद्ध हैं। इस मौके पर उन्होंने केंद्रीय मंत्री गिरीराज सिंह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बेगूसराय संसदीय क्षेत्र में विभिन्न प्रकार की परियोजनाओं का आना निश्चित तौर पर आपके कुशल नेतृत्व एवं कर्मठता से सम्भव हो पा रहा है।एक और जहां केंद्र की सरकार संपूर्ण राष्ट्र के समग्र विकास के लिए दृढ़ संकल्पित है। केंद्र एवं राज्य की सरकार का यह समन्वय निश्चित रूप से बेगूसराय को उसकी पुरानी ऐतिहासिकता दिलाने में सफल होगा एवं बेगूसराय पुनः संपूर्ण राष्ट्र में अपनी एक अलग ख्याति स्थापित करने में कारगर सिद्ध होगा।