बेगूसराय में मई महीने में हुई औसतन 316 MM बारिश, औसत से ज्यादा हुई है बारिश

न्यूज डेस्क : याश चक्रवाती तूफान के प्रभाव से जिले भर में विगत चार दिन में 264 एमएम औसत बारिश हुई है। वहीं मई महीने में अब तक कुल 357 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई है। कृषि वैज्ञानिकों के अनुसार जिले भर में इस महीने 78.05 एमएम बारिश की जरूरत थी। जरूरत से ज्यादा बारिश हल्के फुल्के नुकसान को छोड़कर खेती-किसनी, तालाब, नहर, आहार पोखर के लिए संजीवनी बन गई है। जो, पहले सूखे पड़े थे अब पानी से लबालब भरे नजर आ रहे हैं। अत्यधिक बारिश का प्रभाव रहा कि शनिवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 10 डिग्री नीचे रिकॉर्ड किया गया। विगत पांच दिन से जिले के लोगों को गर्मी के मौसम में कश्मीर के गुलाबी ठंड सा एहसास हो रहा है।

आंकड़ों में बारिश : बेगूसराय के छौड़ाही वर्षा मापक केंद्र में मई महीने में 357 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई है। वहीं जिले में इसका औसत 316 एमएम रहा। मई महीने में जिले के औसत बारिश का आंकड़ा निम्नलिखित है।

  • 13 मई 28.00 एमएम
  • 21 मई 26.06 एमएम
  • 26 मई 26.02 एमएम
  • 27 मई 31.00 एमएम
  • 28 मई 65.00 एमएम
  • 29 मई 140.00 एमएम

औसत से ज्यादा बारिश : कृषि वैज्ञानिक डॉ राम कृपालु सिंह बताते हैं कि बेगूसराय जिले में मई महीने में 78.05 एमएम बारिश की जरूरत होती है। औसत से चार गुना ज्यादा बारिश हुई है। उन्होंने बताया कि बेगूसराय सदर अनुमंडल में 30.05 मंझौल में 29.06 बखरी में 45.03 एसकमाल में 83.06 एवं तेघरा अनुमंडल क्षेत्र में 34.04 एमएम बारिश मई महीने में पर्याप्त होती है। इन तमाम जगहों पर कहीं चार गुना तो कहीं 10 गुना ज्यादा बारिश हुई है। बताया कि मंझौल अनुमंडल क्षेत्र में ज्यादा बारिश हुई है।

तापमान डाउन : विगत दस दिन के अंदर तापमान में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 24.00 एवं न्यूनतम तापमान 21.00 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं शनिवार को अधिकतम तापमान 27 डिग्री एवं न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहा। शनिवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 12 डिग्री सेल्सियस कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम रिकॉर्ड किया गया।