बेगूसराय बना अपराधसराय, आम आदमी पार्टी ने धरना में गिरिराज सिंह पर चुप्पी साधने का लगाया आरोप

बेगूसराय : जिले में बढ़ते अपराध को लेकर जिला पुलिस-प्रशासन एवं भाजपा-जदयू की डबल इंजन की सरकार के खिलाफ आम आदमी पार्टी के बैनर तले सोशल डिस्टेसिंग का पालन करते हुए जिला कार्यालय पर जिला संग़ठन सचिव अभिषेक जायसवाल के नेतृत्व में धरना दिया गया। सोमवार को आयोजित इस धरना की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष मो सैफ़ी ने किया।

इस धरना को संबोधित करते हुए प्रदेश वरीय उपाध्यक्ष अंगेश सिंह ने कहा कि सूबे सहित बेगूसराय जिले में अपराध में बेतहासा वृद्धि हो गई है। बेगूसराय अब अपराधसराय बन चुका है। डबल इंजन की जदयू-भाजपा की सरकार हरेक मोर्चे पर फेल है। विकासपुरुष का दम्भ भरने वाले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बर्बादपुरुष बन चुके हैं। जिस वजह से जिले में लगातार हत्या हो रही है।ऐसी सरकार को अविल्म्ब इस्तीफा दे देना चाहिए।

धरना को संबोधित करते हुए जिला संग़ठन सचिव अभिषेक जायसवाल ने कहा कि पुलिस कस्टडी में विक्रम पोद्दार की हत्या कर दी गई, विक्रम पोद्दार को न्याय देने की मांग उठाने वाले ठाकुर संतोष शर्मा की हत्या हो गई और कल भाजपा युवा मोर्चा के जिला महामंत्री धीरज भारद्वाज की सरेआम हत्या कर दी गई। कुछ दिनों पहले भी शहर में खुलेआम दो लोगों की गोली मार दी गई, चमथा में एक की हत्या कर दी गयी , एक का अपहरण किया गया किन्तु पुलिस आम राहगीरो पर डंडा बरसाने में व्यस्त है। उन्होंने मृतक के परिवार को 1 करोड़ का मुआवजा , परिवार के सदस्य को नौकरी एवं अपराधियो को अविल्मब गिरफ्तार कर उनके उपर स्पीडी ट्रायल चलाकर उन्हें सजा दिलाया जाये।

महिला जिलाध्यक्ष डॉ मीरा सिंह एवं नगर अध्यक्ष अमर्जीतशरण सिन्हा ने तल्ख स्वर में कहा कि जिले में बढ़ते अपराध का मुख्य कारण यहाँ की निकम्मी पुलिस प्रशासन है जिसकी वजह से जिला में आये दिन हत्या, अपहरण हो रही है। यहाँ के पुलिस अधीक्षक “साहब” बनकर ए सी में बैठे हुए। उन्होंने पुलिस अधीक्षक के अविलंब ट्रांसफर की मांग की। साम्प्रदायिकता फैलाने के मामले में गिरिराज सिंह हमेशा आगे रहते है किन्तु उनके पार्टी के कार्यकर्ता की हत्या हुई है वो चुप्पी साधे हुए है। धरना में डॉ आर के सिंह, मृत्युंजय, नीरज आदि थे।