गढ़हरा : गढ़हरा, बारो, बरौनी एवं आसपास के क्षेत्र में शुक्रवार को रक्षाबंधन का पर्व बड़ी उत्साह के साथ मनाया गया। बहन-भाई के प्यार का प्रतिक इस त्योहार को लेकर क्षेत्र के घर-घर में विशेष तैयारियां की गई थी। वहीं गुरुवार को रक्षाबंधन पर दिन में भद्रा का साया रहा। बहनों ने शुभ मुहूर्त में शुक्रवार को सुबह साढ़े सात बजे से पहले भाइयों को राखियां बांधी।
वहीं शुक्रवार को सावन पूर्णिमा की उदया तिथि होने के कारण पूरे दिन बहनें भाइयों को राखियां बांधते नजर आए। पंडित अरविन्द झा ने बताया कि भद्रा का साया होने से रक्षाबंधन पर्व गुरुवार को फीका रहा। बहनें शुक्रवार को अपने भाइयों की कलाइयों पर राखियां उमंगें के साथ सजाई। दो सालों से कोरोना के कारण कई बहनें अपने भाई के घर नहीं जा पा रही थीं। बहनों ने भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उसकी सुरक्षा का वचन लिया। इस बार बच्चों में भी काफी खुशियां झलक रही थी। वहीं रक्षाबंधन को लेकर गढ़हरा, बारो एवं बरौनी बाजार में राखी की दुकानों सहित गिफ्ट वाली दुकानों के साथ साथ कपड़े वाली एवं रेडीमेड कपड़ों वाली दुकानों तथा मिठाई वाली दुकानों पर पूरा दिन भीड़ बनी रही।