बरौनी फ्लैग स्टेशन से रेल पुलिस ने दो युवक को चार पैकेट गांजा के साथ किया गिरफ्तार

गढ़हरा : पूर्व मध्य रेलवे के अंतर्गत बरौनी फ्लैग स्टेशन परिसर से जीआरपी बरौनी ने 6.400 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ दो व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। वहीं एनडीपीएस एक्ट के तहत बरौनी रेल थाना में कांड संख्या-273/22 दर्ज कर अग्रेतर कार्रवाई करते हुए दोनों युवक को को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। रेल थानाध्यक्ष इमरान आलम ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर जानकारी प्राप्त हुआ कि बरौनी फ्लैग स्टेशन पर गांजा के साथ दो संदिग्ध व्यक्ति घूम रहे हैं।

जानकारी मिलते ही एएसआई जयराम अपने सहयोगी बल के साथ तुरंत बरौनी फ्लैग स्टेशन पहुँचे। फ्लैग स्टेशन पहुँचने के उपरांत रेल पुलिस के द्वारा प्लेटफार्म संख्या-01 पर सघन जाँच अभियान चलाया गया। जाँच के दौरान स्टेशन के पश्चिमी छोड़ पर देखा गया कि दो युवक रेल पुलिस को अपनी ओर आते देख कर चंपत होने का प्रयास करने लगे। उतने में शक के आधार पर भाग रहे उक्त दोनों युवक को खदेड़कर हिरासत में ले लिया गया।

दोनों गिरफ्त युवक की पहचान फुलबड़िया थाना अंतर्गत फुलबड़िया-2, वार्ड संख्या-12 सुखलाल टोला निवासी स्व. शौकत अली के करीब 48 वर्षीय पुत्र मो. मुन्ना एवं वार्ड संख्या-04 बिचला टोला निवासी मो. हारून के करीब 22 वर्षीय पुत्र मो. हाशिम उर्फ मोनू के रूप में कि गयी। वहीं दंडाधिकारी के समक्ष उक्त दोनों गिरफ्त युवक की विधिवत तलाशी लेने पर दोनों के पिट्ठू बैग से चार पैकेट गांजा बरामद हुआ।