बच्चों के बौद्धिक विकास हेतु चित्रकला प्रतियोगिता सम्पन्न, निबंध प्रतियोगिता 18 को

गढ़हरा : पूर्व मध्य रेल महिला कल्याण संग़ठन सोनपुर की ओर से रविवार को ई.सी रेलवे इंटर कॉलेज गढ़हरा में संगठन की सदस्या अनामिका कुमारी के निगरानी में चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। वहीं निर्धारित तीन ग्रुप में प्रतियोगिता सम्पन्न हुआ। प्रथम ग्रुप में 11, द्वितीय ग्रुप ने 12 एवं तृतीय ग्रुप में 13 बच्चों ने भाग लिया। मालूम हो कि महिला कल्याण संगठन सोनपुर के द्वारा 05 सितंबर 2022 को जारी पत्र के आलोक में ऑन स्पॉट चित्रकला एवं निबंध प्रतियोगिता आयोजन को लेकर जिक्र किया गया था।

उस पत्र के माध्यम से चित्रकला प्रतियोगिता की तिथि 11 सितंबर 2022 एवं निबंध प्रतियोगिता की तिथि 18 सितंबर 2022 को निश्चित किया गया था। दोनों प्रतियोगिता में भाग लेने हेतु प्रवेश फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 09 सितंबर 2022 को था। उक्त प्रतियोगिता का आयोजन पूर्व मध्य रेल क्षेत्र अंतर्गत सोनपुर, मुजफ्फरपुर, गढ़हरा एवं थानाबीहपुर में होना तय किया गया। इस प्रतियोगिता में तीन ग्रुप का निर्माण हुआ जिसमें प्रथम ग्रुप में 06 वर्ष से 09 वर्ष, द्वितीय ग्रुप में 09 वर्ष से 12 वर्ष एवं तृतीय ग्रुप में 12 से 15 वर्ष के छात्र एवं छात्रा शामिल होंगे।

चित्रकला प्रतियोगिता निर्धारित समय एवं नियम के अनुसार उक्त स्थानों पर 11 सितंबर 2022(रविवार) को सम्पन्न हो गया। जिसके बाद 18 सितंबर 2022 को निबंध प्रतियोगिता का आयोजन होना तय है। उक्त स्थानों पर पूर्व से उक्त नियमों के अनुसार प्रथम व द्वितीय ग्रुप के बच्चों को 100 से 200 शब्द एवं तृतीय ग्रुप के बच्चों को 300 से 400 शब्दों में निबंध लिखना होगा। विदित हो कि महिला कल्याण संगठन के द्वारा प्रतिलिपि के माध्यम से गढ़हरा में प्रतियोगिता को आयोजित करने हेतु मुख्य नियंत्रक बरौनी, रेलवे इंटर कॉलेज गढ़हरा के प्राचार्य एवं स्काउट्स एवं गाइड्स गढ़हरा के सचिव को सूचना दिया गया था।

इधर प्रतियोगिता के मौके पर मौजूद प्राचार्य प्रवीर कुमार सिंह, कल्याण निरीक्षक सुबोध कुमार, जिला स्काउट सचिव जीवानन्द मिश्रा, शिक्षक अनिल दिवेदी, एफडी मुंडा, रामावतार यादव एवं विजय साह ने कहा कि अराजपत्रित कर्मचारियों के बच्चों के बौद्धिक विकास के उद्देश्य से यह प्रतियोगिता किया जा रहा है।