राष्ट्र के सम्मान में मातृ शक्ति ने निकाली तिरंगा यात्रा, यात्रा को देखने के लिए लोगों बनी रही उत्सुकता

गढ़हरा बरौनी प्रखंड अंतर्गत अमरपुर गाँव में जीविका दीदी विनीता सिंह के नेतृत्व में आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य पर रविवार को तिरंगा यात्रा निकाली गई। इस यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं एवं छात्राओं ने हिस्सा लिया। यह यात्रा राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत गीतों के साथ निकाली गई, जिसमें तिरंगा झंडा लहरा कर मातृ शक्तियों ने उत्साह के साथ राष्ट्रगीतों की धुन पर संपूर्ण अमरपुर पंचायत को तिरंगामय बनाया। मातृ शक्ति द्वारा झंडा फहराकर राष्ट्रगीत वन्देमातरम का सामूहिक गायन किया गया।

यह यात्रा जीविका समूह के नेतृत्व में अमरपुर गाँव, गंगाप्रसाद, मिर्जापुर होते हुए जयनगर तक पैदल निकाली गई। इस यात्रा के दौरान मातृशक्ति ने गाँव के गली-गली में जाकर हर घर मे तिरंगा लगाने के लिए लोगों को जागरूक किया। यात्रा के दौरान मातृ शक्ति के मुख से निकली भारत माता की जय के उदघोष ने पूरे अमरपुर पंचायत को गुंजायमान कर दिया। भारत माता की जय की आवाज सुनते ही लोग अपने-अपने घरों से बाहर निकल तिरंगा यात्रा को देखते नजर आए। अन्त में भारत माता की जय के घोष के साथ तिरंगा यात्रा का समापन किया गया।

हर घर तिरंगा अभियान में लोगों का उत्साह बढ़ता जा रहा है। आजादी के अमृत महोत्सव के तहत आजादी की 75वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में 13 से 15 अगस्त से हर-घर तिरंगा लहराने के अभियान में जीविका समूह ने महिलाओं को जागरुक करने में जुटी हैं। कई दिनों से क्षेत्र ने यह अभियान चलाया जा रहा है। कार्यक्रम के मौके पर उषा कुमारी, पूनम देवी, बबिता कुमारी, सुधा कुमारी, सविता कुमारी, रूपा कुमारी, जूही कुमारी, सरिता कुमारी समेत बड़ी संख्या में मातृ शक्ति मौजूद थी।