आम हड़ताल का व्यापक असर, बरौनी रिफाइनरी में लगा धारा-144

बेगूसराय, 26 नवम्बर : संयुक्त ट्रेड यूनियन द्वारा आहूत एक दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल को विभिन्न राजनीतिक दलों द्वारा भी समर्थन दिए जाने के बाद बेगूसराय में यातायात पर गहरा प्रभाव पड़ा है। हड़ताल के मद्देनजर बरौनी रिफाइनरी में धारा 144 लागू कर दी गई है। इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन के बरौनी रिफाइनरी में भी हड़ताल का व्यापक असर देखा जा रहा है। बीटीएमयू से सम्बद्ध सभी कर्मचारी हड़ताल पर चले गए हैं।

जिसके कारण परिचालन और मार्केटिंग पर गहरा असर पड़ा है। बरौनी तेल शोधक मजदूर यूनियन (बीटीएमयू) के सचिव ललन लालित्य ने बताया कि मजदूर विरोधी नीतियों के कारण राष्ट्रीय ट्रेड ट्रेड यूनियनों के राष्ट्रव्यापी हड़ताल का रिफाइनरी के लोडिंग-अनलोडिंग समेत सभी कार्यों पर गहरा असर पड़ा है। सिर्फ अनिवार्य सेवा में शामिल कर्मचारी ही ड्यूटी पर गए हैं। कॉर्पोरेट संचार प्रबंधक अंकिता श्रीवास्तव ने बताया कि हड़ताल के मद्देनजर प्रबंधन द्वारा वैकल्पिक व्यवस्था की गई थी।

रिफाइनरी के सभी कार्य सुचारू रूप से चल रहे हैं। हड़ताल के कारण उत्पादन, सुरक्षा एवं व्यवस्था में बाधा उत्पन्न हो सकती है। जिसके मद्देनजर जिला प्रशासन के निर्देशानुसार रिफाइनरी एवं टाउनशिप में 27 नवम्बर को सुबह छह बजे तक के लिए धारा-144 लागू कर दी गई है, सुरक्षा के व्यापक बंदोबस्त किए गए हैं। दूसरी ओर, सुबह से ही राजद के कार्यकर्ता सड़क पर उतर आए, जिसके कारण एनएच-31 पर यातायात ठप हो गया है। एसबीआई को छोड़कर सभी बैंक में भी कामकाज ठप हो गया है। बरौनी थर्मल चौक के समीप सुबह से ही राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के कार्यकर्ता सड़क पर उतर आए और एनएच को पूरी तरह से अवरुद्ध कर दिया। जिसके कारण सैकड़ों गाड़ी जाम में फंसी हुई है।

मरीज को ले जा रहे वाहनों को भी जाने नहीं दिया जा रहा है। सिमरिया में गंगा स्नान करने आए आ रहे वाहन भी जाम में फंस गए हैं। जिसके कारण यहां से लोगों को पैदल ही गंगा घाट तक जाना पड़ रहा है। जिला मुख्यालय के बस स्टैंड, बलिया एवं साहेबपुर कमाल समेत अन्य विभिन्न जगहों पर भी एनएच को जाम कर यातायात ठप कर दिया गया है। प्रशासन द्वारा तमाम चौक-चौराहों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।