बेगूसराय : लड़की की विदाई के समय असामाजिक तत्वों ने की गोलीबारी, लड़की की मां समेत एक अन्य घायल..

बरौनी : बेगूसराय में जिला प्रशासन द्वारा अपराध नियंत्रण को चलाए जा रहे सघन मुहीम के बावजूद आपराधिक घटनाएं रूकने का नाम नहीं ले रही। 2 सितंबर की अहले सुबह लगभग चार बजे सुबह में फुलवड़िया थाना क्षेत्र अंतर्गत बारो दक्षिणी पंचायत में गोलीबारी की घटना में एक महिला और एक युवक के घायल होने का मामला प्रकाश में आया है।

जानकारों के मुताबिक शुक्रवार की सुबह लगभग चार बजे लड़की की विदाई समारोह के दौरान असामाजिक तत्त्वों के द्वारा गोलीबारी की घटना में फुलवरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत बारो दक्षिण पंचायत बक्खो टोला निवासी निवर्तमान उपमुखिया फरदाना खातून एवं मो. इरफान घायल हुए हैं।दोनों घायल को स्थानीय ग्रामीणों की मदद से इलाज के लिए निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है।

फुलवड़िया थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की छानबीन में जुटी है।वहीं घटना के संबंध में कोई कुछ भी बोलने से बच रहे हैं।वहीं घटना के संबंध में आसपास के लोगों द्वारा बताया गया कि गुरुवार की रात फरदाना खातून की पुत्री का निकाह था।सुबह में विदाई के दौरान अचानक गांव के ही एक लड़के ने ताबड़तोड़ गोलीबारी शुरू कर दी जिसमें लड़की की मां फरदाना खातून एवं उसके एक रिश्तेदार इरफान को गोली लगी।वहीं दबे जुबान से लोगों ने कहा कि गोली मारने वाला युवक गांव का ही है।गोलीबारी की इस घटना की लेकर ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं हैं।जहां एक ओर हर्ष फायरिंग की बात की जा रही है तो दुसरी ओर प्रेम प्रसंग के कारण गोलीबारी की घटना की बात सामने आ रही है।वास्तविकता पुलिस जांच के बाद ही सामने आ सकेगा।