छौड़ाही : गैस सिलेंडर में लगी आग के बाद हुआ विस्फोट, लाखों रुपए की संपत्ति राख

छौड़ाही (बेगूसराय) : अंचल के भोजा गांव में शनिवार रात अचानक एक घर में आग लग जाने से एक लाख रुपये मूल्य से ज्यादा की संपत्ति जलकर नष्ट हो गई। अगलगी में घर के अंदर रखा रसोई गैस सिलेंडर विस्फोट होने से समूचा गांव थर्रा गया। गनीमत कि विस्फोट के वक्त मौके पर मौजूद लोग बाल-बाल बच गए।जानकारी के अनुसार भोजा निवासी महेंद्र पासवान के झोपड़ीपोश घर से मध्य रात्री अचानक आग की तेज लपटें निकलने लगी। आग की लपटें निकलते देख आग बुझाने लोग घटनास्थल पर पहुंचने लगे। इसी बीच घर के अंदर रखा रसोई गैस सिलेंडर जोरदार आवाज के साथ विस्फोट कर गया। जोरदार धमाके की आवाज सुन काफी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।

ग्रामीणों नें घंटा भर मशक्कत कर आग पर काबू पा लिया। तब तक सूचना पाकर छौड़ाही पुलिस फायर ब्रिगेड के साथ मौके पर पहुंच गई। तब जाकर आग पर पूरी तरह से काबू पाया जा सका। इस बीच तेज आग की लपेटे में महेंद्र पासवान का आवासीय घर, मवेशी घर व भुसकार जलकर स्वाहा हो गया। गृहस्वामी महेंद्र पासवान ने बताया कि घर के अंदर रखा सभी कपड़ा, अनाज, बर्तन, नगद पचीस हजार रुपये, साइकिल आदि सामान जलकर नष्ट हो गया है।

घर छोड़कर करीब एक लाख रुपये से ज्यादा मूल्य की संपत्ति नष्ट हो गई है। सूचना पर अंचल अधिकारी सुमंतनाथ व थानाध्यक्ष ओम प्रकाश ने घटनास्थल पहुंच क्षति का जायजा लिया। अंचलअधिकारी छौड़ाही ने बताया कि राजस्व कर्मचारी को क्षति का आकलन कर प्रतिवेदन देनेे को कहा गया है।
फोटो भेजी जा रही है।