भारत के सामाजिक और सांस्कृतिक पक्ष को संबल प्रदान कर रहा एबीवीपी : अजित उपाध्याय

न्यूज डेस्क , बेगूसराय : भारत वैश्विक महाशक्ति बनने की ओर अग्रसर है, जिसमें भारत के सामाजिक और सांस्कृतिक पक्ष को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के द्वारा संबल प्रदान किया जा रहा है। ताकि भारत इन क्षेत्रों में भी वैश्विक नेतृत्व को अपने हाथों में रख सके। यह बातें विद्यार्थी परिषद के प्रदेश सह संगठन मंत्री अजीत उपाध्याय ने मंगलवार को बेगूसराय के हर्ष गार्डन में विद्यार्थी परिषद के जिला अभ्यास वर्ग का उद्घाटन करते हुए कही।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए आरसीएस कॉलेज मंझौल के प्राचार्य डॉ. अवधेश कुमार सिंह ने कहा कि आज अगर शिक्षा के क्षेत्र में क्रांति की मशाल जल रही है तो उस मसाल के अग्रणी ध्वजवाहक अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता हैं। विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं के द्वारा शैक्षणिक क्रांति का सूत्रपात हमेशा से ही किया गया है। पूर्व राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य अजित चौधरी ने कहा कि विद्यार्थी परिषद अपने प्रारंभिक लक्ष्य को लगभग पूरा कर चुकी है एवं नए लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए हम नित अग्रसर हैं। सामाजिक क्षेत्र में तो विद्यार्थी परिषद ने सुधार आंदोलन चलाया ही साथ ही साथ शैक्षणिक एवं राष्ट्र हितों के मुद्दे पर भी देश को एक नए मार्ग पर ले गई है। विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता अपने त्याग के बल पर राष्ट्र का निर्माण करते हैं।

अभ्यास वर्ग क उद्घाटन के अवसर आयोजित प्रदर्शनी के उद्घाटन में विद्यार्थी परिषद के एक वर्ष के सभी क्रियाकलाप को छायाचित्र एवं अन्य कला के माध्यम से निरूपित किया गया। प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सोनू सरकार एवं जी.डी. कॉलेज छात्रसंघ अध्यक्ष पुरुषोत्तम कुमार ने बताया कि आज उद्घाटन सत्र के बाद एकत्रीकरण एवं सैद्धांतिक भूमिका के सत्र का आयोजन किया गया तथा रात्रि में व्यवहारिक प्रशिक्षण का कार्यक्रम होगा। बुधवार को ‘वैश्विक लोकतंत्र के प्रतीक राम मंदिर’ पर चर्चा साथ ही बिहार एवं भारत के तमाम समसामयिक राजनीतिक मुद्दों पर संगोष्ठी का आयोजन, नूतन पुरातन कार्यकर्ताओं का मिलन समारोह एवं इकाई गठन का कार्यक्रम होगा।

प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अवगत कुमार एवं नगर मंत्री शिवम कुमार ने कहा कि आज का भारत विद्यार्थी परिषद के सपनों का भारत बन रहा है। विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता देश के कोने-कोने में अपने लक्ष्य को लेकर जा रहे हैं एवं समाज के प्रत्येक वर्ग तक भारत की महिमा को मूर्त रूप प्रदान कर रहे हैं। प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य यशस्वी आनंद एवं गौरव कुमार ने कहा कि आज के दौर में कश्मीर से धारा 370 की समाप्ति एवं राम मंदिर का निर्माण विद्यार्थी परिषद के लिए उपलब्धि है, नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति इसके अगले कदम के रूप में देखा जा रहा है।

नगर सह मंत्री आदित्य राज एवं पूर्व कॉलेज अध्यक्ष दिव्यम कुमार ने कहा कि तीन सौ छात्र-छात्राओं का संगम आज लघु भारत के रूप में दिखता है। छात्र-छात्रा का सर्वांगीण विकास एवं संस्कार निर्माण विद्यार्थी परिषद के डीएनए में रचा बसा है। मौके पर प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य मृत्युंजय गोलू, विभाग संयोजक अजय कुमार, ध्रुव कुमार, अंशु कुमार, नितिन कुमार, विवेक, अमन एवं कमाल समेत सभी प्रमुख कार्यकर्ता उपस्थित थे।