बस और बाईक की टक्कर में 18 वर्षीय दो युवकों की मौत

नावकोठी (बेगूसराय) तेज रफ्तार का कहर कहें या मौत की रफ्तार कमने का नाम नहीं ले रहा है। सड़क पर बेतरतीब ढंग से चल रहे वाहनों की रफ्तार से सड़क दुर्घटनाओं में प्रतिदिन इजाफा होता जा रहा है।सोमवार की दोपहर को तेज रफ्तार बस की ठोकर से बाइक सवार दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना नावकोठी थाना क्षेत्र अंतर्गत मंझौल बखरी पथ पर रमौली गाछी मोड़ के निकट हुई।

जानकारी के अनुसार दोनों दोस्त जयमंगला गढ़ पूजा करने के लिए बाइक से जा रहे थे।उसी समय बेगूसराय से आ रही बस ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।इस घटना में आनंद कुमार और अभिषेक कुमार दोनों की मौत अस्पताल जाने के क्रम में रास्ते में हो गई। मृतकों की पहचान पहसारा वार्ड न० 5 निवासी जयशंकर ठाकुर के 18 वर्षीय पुत्र आनंद कुमार और दिलीप महतो के 18 वर्षीय पुत्र अभिषेक कुमार के रूप में की गई है।

आनंद कुमार पॉलिटेक्निक की पढ़ाई कर रहा था वहीं अभिषेक कुमार इंटरमीडिएट का छात्र था।मृतक आनंद कुमार की माता रूबी देवी,बड़ा भाई रौशन कुमार और बहन रूची और कृति कुमारी सहित अन्य परिजनों का रो- रो कर बुरा हाल था।वहीं मृतक अभिषेक कुमार की माता उर्मिला देवी बड़ा भाई अमित कुमार और बहन मीरा कुमारी सहित अन्य परिजनों का रो – रो कर बुरा हाल था।

थानाध्यक्ष परशुराम सिंह ने बताया कि दोनों लाश को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय भेज दिया गया है।आगे की कार्यवाही की जा रही है।घटना स्थल पर एसआई प्रशान्त कुमार और अनिल कुमार मिश्रा पुलिस बल के साथ मौजूद थे।वहीं स्थानीय मुखिया नीभा देवी, मुखिया प्रतिनिधि रामनाथ सिंह उर्फ बुडुल,सरपंच नुतन देवी,सरपंच प्रतिनिधि रामाशीष सिंह,मुकेश कुमार सिंह,अमित कुमार उर्फ फूचो,यशवंत कुमार, आजाद सहनी सहित सैंकड़ों की संख्या में ग्रामीणों के द्वारा मृतक के परिजनों को ढांढस बंधाया जा रहा था।