न्यूज डेस्क : हाईवे पर सफर करने पर वाहन मालिकों को टैक्स भरना बहुत जरूरी है। इन पैसों से अथॉरिटी हाईवे की रखरखाव करती है। टैक्स कलेक्शन के लिए फास्ट टैग की व्यवस्था की गई। जिससे लोगों को टोल प्लाजा पर अधिक समय रुकने की आवश्यकता न हो। फास्ट टैग के बाद भी हाईवे पर जाम की स्थिति बनी हुई है। इसे देखते हुए सरकार ने अगला कदम उठाने का फैसला लिया है। नई व्यवस्था के तहत हाईवे से टोल प्लाजा को हटा दिया जाएगा।

देश के सभी हाईवेज से टोल प्लाजा को हटाया जाएगा। हाईवे पर वाहन चलाने वाले को टोल टैक्स भरना होगा। लेकिन इसके लिए नई व्यवस्था की जाएगी। यह बात नितिन गडकरी ने इंडियन एक्सप्रेस के एक इंटरव्यू में कही। नई व्यवस्था के तहत टोल टैक्स वाहन में लगे नंबर प्लेट को स्कैन कर काटा जाएगा। इसके अलावा हाईवे पर कैमरे लगे होंगे, जिससे वाहनों पर पैनी नजर रखा जाएगा। वाहन पर लगे नंबर प्लेट को ऑटोमेटिक स्कैन कर पैसे काट लिए जाएंगे।

टोल टैक्स नहीं भरने वाली के लिए बनेगा कानून : हाईवे पर सफर करने के बाद वाहन चालकों को टोल टैक्स का भुगतान कर देना चाहिए। यह एक नैतिक जिम्मेवारी भी है। इस संबंध में नितिन गडकरी ने कानून बनाने की बात कही। मंत्री ने कहा फिलहाल टैक्स न भरने वाले वाहन मालिकों को दंडित करने के लिए कोई कानून नहीं है। ऐसे में हम इस कार्य के लिए एक नया कानून बना सकते हैं। इसके लिए एक विधेयक पास करना होगा। कानून बनाए जाने के बाद लोगों के मन में डर भी रहेगा और वाहन चालकों को उचित दंड भी दिया जा सकेगा।